शहर के लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाने और यातायात को सुगम बनाने के लिए परिवहन निगम ने नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, मऊ और दोहरीघाट जैसे डिपो से आने वाली बसें अब दिन में शहर में प्रवेश नहीं करेंगी। ये बसें सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक नौसढ़ बस स्टेशन पर रुकेंगी और कचहरी स्टेशन नहीं जाएंगी।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह ने बताया कि इस नई व्यवस्था का मकसद महानगर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या का समाधान करना है। इससे शहर के मुख्य मार्गों जैसे नौसढ़, ट्रांसपोर्ट नगर, पैडलेगंज और कचहरी बस स्टेशन के आसपास जाम की स्थिति में सुधार आएगा। उन्होंने बताया, सिक्स लेन ओवरब्रिज के निर्माण के कारण यातायात और भी कठिन हो गया था।
अब बाहर से आने वाली बसों को नौसढ़ में ही रोकने के निर्देश दिए गए हैं। नौसढ़ में पहले से ही नया बस स्टेशन मौजूद है, लेकिन वाराणसी और प्रयागराज रूट की बसों का संचालन अब तक कचहरी स्टेशन से होता था, जिससे शहर के अंदर ट्रैफिक का बोझ बढ़ जाता था। नई व्यवस्था के तहत अब बाहर से आने वाली बसें नौसढ़ में रुकेंगी और कचहरी स्टेशन से सिर्फ राप्तीनगर डिपो की बसें चलेंगी।
इस कदम से महानगर की यातायात व्यवस्था सुचारू होने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। अक्सर जाम की समस्या से परेशान रहने वाले शहर के लोगों और यात्रियों को अब इस नई व्यवस्था का फायदा मिलेगा।